भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि सुबह 6 बजे की यह घटना है। बेटे ने अपने पिता के सिर पर फावड़े व ड़ंडे से वार किया। पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार जामुल के सुरडुंग गांव में निवासी दिनेश साहू ने अपने पिता कबीर साहू की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों में पारिवारिक कारणों से विवाद चल रहा था। मंगलवार की सुबह विवाद काफी बढ़ गया और बेटे ने डंडे और फावड़े से सिर पर ताबड़तोड़ हमला किया जिससे पिता की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी बेटा दिनेश साहू एक जगह बैठकर लगातार रो रहा था।
जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और पास पड़ोस के लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की शुरुआती वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।




