मुंबई। सोमवार की सुबह चलती ट्रेन में फायरिंग में आरपीएफ ASI समेत चार की मौत हो गई है। घटना महाराष्ट्र के पालघर में जयपुर-मुम्बई एक्सप्रेस ट्रेन में हुई है। बताया जा रहा है कि एक RPF कांस्टेबल ने अपने सीनियर एएसआई पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस घटना में एएसआई और 3 अन्य यात्रियों की गोली लगी जिससे उनकी मौत हो गई है। फायरिंग करने वाले कांस्टेबल का नाम चेतन बताया जा रहा है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है7 वहीं चारों शवों को शताब्दी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 5 बजे के करीब को घटी। फायरिंग जयपुर एक्सप्रेस ट्रेन (12956) की B-5 बोगी में हुई। यह ट्रेन जयपुर से मुंबई जा रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन पालघर स्टेशन से कुछ दूरी पर ही निकली थी। सुबह 5.23 बजे वापी से बोरीवलीमीरा रोड स्टेशन के बीच RPF कॉन्स्टेबल ने अचानक ट्रेन में फायरिंग कर दी।
फायरिंग में 4 लोगों को गोली लगने से मौत हो गई। मरने वालों में एक RPF एएसआई टीका राम और तीन यात्री बताए जा रहे हैं। टीका राम एस्कॉर्ट प्रभारी थे। बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाले की पहचान RPF कॉन्स्टेबल चेतन के तौर पर हुई है। चेतन एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात था। वह फायरिंग करके ट्रेन से कूद गया लेकिन उसे मीरा रोड बोरीवली के बीच गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से हथियार भी जब्त कर लिया गया। बताया जा रहा है कि आरपीएफ कांस्टेबल और उसके सीनियर एएसआई में किसी बात को लेकर तनातनी और कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद कांस्टेबल ने गुस्से में आग बबूला होकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। RPF कांस्टेबल चेतन को लेकर कहा जा रहा है कि वह मानसिक तनाव में था।
मुंबई में डीआरएम नीरज वर्मा ने बताया कि सुबह छह बजे के करीब हमें सूचना मिली कि आरपीएफ जवान ने फायरिंग की है, जिसमें चार लोगों की मौत हुई। आरोपी कांस्टेबल एस्कोर्ट ड्यूटी पर तैनात था। रेलवे अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और घटना की आगे की जांच की जा रही है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। डीआरएम ने कहा है कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा। वहीं घटना के जिम्मेदार आरक्षक ने यह नहीं बताया कि उसने फायरिंग क्यों की है। बहरहाल इस घटना बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।




