कांकेर। धुर नक्सल प्रभावित पखांजूर क्षेत्र में सीएएफ कैंप में अचानक हुई फायरिंग से हड़कंप मच गया। नक्सली अटैक की आशंका से जवानों में अफरा तफरी मच गई। जवानों ने फायरिंग की आवाज सुनने के बाद मोर्चा संभाल लिया था लेकिन जब हकीकत पता चली तो सभी हैरान रह गए। दरअसल फायरिंग नक्सलियों की ओर से नहीं बल्कि सीएएफ के ही एक जवान द्वारा की गई। जवान ने एक के बाद एक 30 राउंड फायरिंग की।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार रात की बताई जा रही है। कांकेर जिले के करकापाल सीएएफ कैंप में जवान ने करीब तीस राउंड फायर किया। जवान ने हवाई फायर किया जिससे किसी को नुकसान तो नहीं हुआ लेकिन अचानक हुई फायरिंग से अफरा तफरी मच गई। एसपी दिव्यांग पटेल ने इस घटना की पुष्टि की है। हालांकि जवान से फायरिंग क्यों की यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। सीएएफ के अफसर घटना की जांच कर रहे हैं।




