जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मेकाज में शनिवार को एक बच्चे की मौत होने के बाद उसके शव को सरकारी शव वाहन में लेकर निकली एंबुलेंस की ट्रक से भिडंत हो गई। हाड़िगाव और बड़गांव के बीच आमने-सामने हुई इस टक्कर में बच्चे के शव को लेकर जा रहे मां-पिता व एक अन्य की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जिले के माकड़ी थाना क्षेत्र में हुआ है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे। घायल एंबुलेंस चालक को बेहतर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार जगदलपुर मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में आज सुबह एक बच्चे की मौत हो गई, जिसके बाद बच्चे के मां-पिता के द्वारा 1099 में फोन करके निशुल्क घर तक पहुंचाने वाले शव वाहन को फोन किया गया। जिसके बाद अस्पताल से बच्चे के शव को लेकर उसके मां पिता और एक अन्य रिश्तेदार जगदलपुर से निकले। जहां दोपहर 3.30 बजे के लगभग रायपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक व शव वाहन के बीच भिड़ंत हो गई।
हादसे में वाहन चालक को गंभीर चोट आई, जबकि उसके मां-पिता और रिश्तेदार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तत्काल बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसे थाना ले गई। घायल को अस्पताल और मृतकों के शव को पीएम भिजवाया गया। घटना में मृतक बच्चे के परिजनों की भी मौके पर मौत होने के कारण किसी का भी नाम नहीं मिल पाया है। शवों की पहचान के लिए आसपास के थानों में सूचना दी गई है।




