नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। यहां पुलिस ने नक्सलियों के कैंप को उड़ाने में सफलता पाई है। पुलिस को ग्राम आसनार और भटबेड़ा क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दराज पी. और पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा के नेतृत्व में नक्सल विरोधी अभियान शुरू कर यह सफलता पाई गई।
मिली जानकारी के अनुसार थाना धनोरा से डीआरजी और आईटीबीपी की टीम ने भटबेड़ा के जंगल में सर्चिंग की। सुरक्षाबलो के आने की सूचना नक्सलियों को लग गई और वे वहां से भाग गए। इस दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के एक कैंप को उड़ा दिया। इस बीच दो दो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस पार्टी को देखकर छिप रहे थे। जिसे पुलिस बल के द्वारा घेराबंदी कर पकड़ा गया।
पूछताछ में एक ने अपना नाम दासू कोर्राम और दूसरे विजय कोर्राम निवासी आसनार बताया है। दोनों नेलनार एरिया कमेटी अन्तर्गत आसनार जनताना सरकार में जनमिलिशिया सदस्य हैं और अप्रैल में हुई घटना में सड़क काटा था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 341, 431 भादवि, 25 आर्म्स एक्ट, धारा 3 (2) (ड) लोक सम्पत्ति क्षति निवारण अधिनियम, 10, 13 (1), 38 (2), 39 (2) विधि विरूद्ध क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के अन्तर्गत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों की संलिप्तता पाये जाने से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।




