भिलाई। छत्तीसगढ़ में सोमवार से 4318 नई बालवाडिय़ां शुरू हो गई। शाला प्रवेशोत्सव के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बालवाड़ी योजना के दूसरे चरण में 4318 बालवाडिय़ों का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत पहले चरण में प्रदेश में 5173 बालवाड़ी खोले गए थे। नई बालवाडिय़ों के शुरू होने के बाद अब इनकी संख्या बढ़कर 9491 हो गई है। शाला प्रवेशोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दी।
इसी तारतम्य में दुर्ग जिले में भी शाला प्रवेशोत्सव मनाया गया। जिले के वैशालीनगर विधानसभा क्षेत्र में वार्ड क्रमांक-27 में भी शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन हुआ जिसमें वार्ड पार्षद श्रीमती लक्ष्मी साहू उपस्थित रही। शास्त्री नगर वार्ड केम्प-1 में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में शाला प्रवेशोत्सव के मौके पर स्कूली बच्चों को तिलक लगाकर, माला पहनाकर तथा उन्हें मिठाई खिलाकर शाला प्रवेश कराया।

इस मौके पर पार्षद लक्ष्मी साहू ने स्कूली बच्चों को गणवेश, पुस्तकें तथा स्कूल बैग का भी वितरण किया। वहीं पार्षद श्रीमती साहू ने विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्राचार्यों और अभिभावकों को नये शिक्षा सत्र के शुभारंभ और शाला प्रवेशोत्सव की बधाई देते हुए कहा कि यही बच्चे हमारा भविष्य हैं और इन बच्चों को शिक्षा का उचित वातावरण देना हमारी जिम्मेदारी है ताकि इनका पढ़ाई में मन लगा रहे, और देश-प्रदेश सहित पूरे विश्व में नाम रौशन करेें एवं बच्चों को अच्छी शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया।




