रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में डीजे में मनपसंद गाना बजाने की बात पर जमकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि चाकू बाजी तक हो गई। इस दौरान एक युवक को चाकू मारकर कुछ युवक फरार हो गए। घायल युवक चाकू पेट में लेकर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचा। रात को यहां जूनियर डॉक्टर मौजूद रहीं लेकिन उसने इलाज करने से इनकार कर दिया। जूनियर डॉक्टर ने युवक को मेडिकल कॉलेज ले जाने की सलाह दी क्योंकि जिला अस्पताल में मुख्य डॉक्टर उपस्थित नहीं थे। इस दौरान जूनियर डॉक्टर के साथ घायल युवक के साथ पहुंचे लोगों ने काफी हुज्जत की। अंत में घायल को मेडिकल कॉलेज ले गए जहां युवक का इलाज हो सका।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के इंदिरा नगर निवासी गोवर्धन खैरवार (18) के चाचा की शादी थी। शनिवार रात को डीजे की धुन पर खुशियां मनाई जा रही थी। इस दौरान मोहल्ले के कुछ युवक पहुंचे और गाना बदलने की मांग की। गोवर्धन ने बदलने से मना किया तो मोहल्ले के युवक आकाश ने उससे विवाद शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि आकाश ने गोवर्धन के पेट में चाकू मार दिया और वहां से फरार हो गया। चाकू गोवर्धन के पेट में फंस गया था। मौके पर मौजूद परिजन गोवर्धन को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां इमरजेंसी वार्ड मौजूद डॉक्टर ने इलाज करने से इनकार कर दिया।
इमरजेंसी वार्ड में मौजूद जूनियर डॉक्टर ने यह कहते हुए इलाज करने इनकार किया चाकू निकाला तो काफी खून बहेगा इसलिए घायल को मेडिकल कॉलेज लेकर जाएं। जूनियर डॉक्टर ने यह भी कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने से घायल का इलाज संभव नहीं है। इस दौरान डॉक्टर से काफी बहस भी हुई। इस बीच परिजन गोवर्धन को मेडिकल कॉलेज लेकर गए जहां चाकू निकालकर उसका इलाज किया गया।

इलाज के बाद मरीज की हालत खतरे से बाहर है। इधर इस मामले में परिजनों ने पुलिस से भी शिकायत की है। परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की है। हालांकि पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ फिलहाल कोई केस नहीं बनाया है। वहीं चाकू मारने वाले युवक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।