सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हाथियों ने एक महिला की जान ले ली। टॉयलेट के लिए घर से बाहर निकली महिला को हाथी ने पकड़ लिया और घसीटते हुए ले गया और पटककर उसकी जान ले ली। यहीं नहीं हाथियों ने यहां एक मकान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। घटना के बाद गांव के लोग सहमे हुए हैं। बताया जा रहा है कि पिछले 15 दिनों से हाथियों का दल क्षेत्र में विचरण कर रहा है। वन विभाग ने इसे लेकर गांव में अलर्ट भी जारी किया है।
मिली जानकारी के अनुसार सूरजपुर वन परिक्षेत्र के कल्याणपुर अंतर्गत करेरपारा निवासी सुंदरी (55) शनिवार आधीरात को टॉयलेट के लिए घर से बाहर निकली। बाहर निकलते ही उसने देखा कि हाथी खड़ा है। इससे पहले की महिला कुछ समझ पाती हाथी ने उसे पकड़ लिया और सूंड से लपेट कर उसे घर से 50 मीटर दूर लेकर गया। इसके बाद पटक-पटककर उसकी जान ले ली।
इसके बाद तीन हाथी और पहुंचे और बंधन राम नाम के शख्स के घर का एक हिस्सा तोड़ दिया। सूचना मिलने पर रविवार की सुबह वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी गांव में पहुंचे। भटगांव विधायक और संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े भी गांव पहुंचे। इस दौरान मृतकर सुंदरी बाई के परिजनों को वन विभाग की ओर से आर्थिक सहायता राशि दी गई।




