जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग ने अपने सगे चाचा की हत्या कर दी। घर पहुंचे चाचा ने अपने भतीजे को सलाह देना शुरू किया जो विवाद में बदला और गुस्से में आकर नाबालिग भतीजे ने पहले डंडे से अपने चाचा की पिटाई की और उसके बाद घर पर रखे कुल्हाड़ी से वार कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार कर बाल सुधार गृह भेज दिया है। घटना जिले के लोहड़ीगुड़ा थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार लोहाडीगुडा थाना क्षेत्र के मिचनार निवासी सन्नू कर्मा मंगलवार की रात को अपने भाई मंगलू कर्मा के घर गया था। घर पर उसकी अपने नाबालिग भतीजे से किसी बात को लेकर बहस होने लगी थी। सन्नू कर्मा अपने भतीजे को सलाह दे रहा था और इसके कारण भतीजा भड़क गया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। घर पर मौजूद अन्य लोगों ने दोनों को समझाया लेकिन दोनों ही सुन नहीं रहे थे।
इस बीच नाबालिग डंडा उठा लाया और चाचा पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। इतने से उसका दिल नहीं भरा तो उसने घर पर रखी कुल्हाड़ी उठाई और चाचा के सिर पर वार कर दिया। कुल्हाड़ी के वार से सन्नू कर्मा लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में गांव में हत्या की बात फैल गई। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बाल न्यायालय पेश किया गया जहां से उसे बाल सुधार गृह भेजा गया है।




