रायपुर Raipur. राजधानी रायपुर में नकली गुटखा बनाने वाले बड़े रैकेट का भांडाफोड हुआ है। मंगलवार देर रात खाद्य विभाग के अफसरों ने मंदिर हसौद क्षेत्र में एक फैक्ट्री पर रेड की। फैक्ट्री में जब फूड डिपार्टमेंट के अफसर पहुंचे तो यहां का कारोबार देख हैरान रह गए। यहां ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर नकली गुटखा व जर्दा बनाया जा रहा था। अफसरों ने यहां से लगभग एक करोड़ रुपए से ज्यादा का गुटखा बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार राजधानी रायपुर के मंदिरहसौद इलाके में खाद्य विभाग को नकली गुटखा बनाए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर फूड डिपार्टमेंट के अफसरों ने मंगलवार देर रात फैक्ट्री में दबिश देकर लगभग एक करोड़ से ज्यादा गुटखा बरामद किया है। इस फैक्ट्री में कई बड़े ब्रांडेड कंपनियों का गुटखा तैयार किया जा रहा था। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में सैकड़ों बंडल जर्दा युक्त गुटखा और उसे बनाने वाला सामान, सुपारी और पाउच जब्त किया है।
23 मशीने भी जब्त जिससे बनता था गुटखा
फैक्ट्री में बड़ी-बड़ी 23 मशीनें रखी हुई थी जिससे गुटखा बनाया जा रहा था। फूड अफसरों ने इन मशीनों को भी जब्त किया है। मौके पर दर्जनों कर्मचारी भी मिले जो गुटखा मेनुफेक्चरिंग से लेकर उसकी पैकेजिंग का काम कर रहे थे। फूड अफसरों का दावा है कि यहां पर नकली गुटखा बनाने का काम लंबे समय से चल रहा था और छत्तीसगढ़ ही नहीं अन्य राज्यों में इनके नकली गुटखा का अवैध कारोबार फैला हुआ था। खाद्य विभाग के अधिकारियों द्वारा फैक्ट्री को सील कर इसकी जांच की जा रही है।




