कोरबा/भिलाई। छत्तीसगढ़ में इन दिनों नौतपा के साथ ही आंधी-तूफान का भी कहर बरफ रहा है। कोरबा जिले में तो पिछले चार दिनों से रोज आंधी तूफान व बारिश के कारण जनजीवन अस्तव्यस्त है। इसके कारण लगातार बिजली संकट पैदा हो रहा है। कोरबा के पाली क्षेत्र में तो हाईटेंशन का पूरा टॉवर ही गिर गया। इससे बिजली व्यवस्था चरमरा गई है।
नौतपा के बीच रविवार को लगातार चौथे दिन तेज आंधी तूफान और बारिश होने से बिजली व्यवस्था चरमरा गई। पाली ब्लॉक के कई गांव में ब्लैकआउट की स्थिति बनी रही। यहां पर मखुरा तालाब के पास हाईटेंशन टावर आंधी तूफान के चलते गिर गया। जिससे विद्युत व्यवस्था प्रभावित रही। तहसील मुख्यालय में भी कई घंटे तक बिजली बंद रही। तेज आंधी तूफान के चलते कई पेड़ धराशाई हो गए। कई घरों के छज्जे उड़ गए लोगों को कई प्रकार के समस्याओं से गुजरना पड़ा।
भिलाई के केदामरा सबस्टेशन में पहुंचती है बिजली
पाली में हाईटेंशन का टॉवर गिरा है उसकी सप्लाई भिलाई तक पहुंचती है। बताया जा रहा है कि ट्रांसमिशन लाइन का यह टावर भिलाई केदामारा में ग्रेड के सब स्टेशन को कोरबा से बिजली आपूर्ति की जाती है। इस हाईटेंशन टावर के धराशाई होने से सब स्टेशन को होने वाली बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई है। हालांकि दूसरी लाइन ठीक होने के कारण भिलाई शहर की बिजली सप्लाई प्रभावित नहीं हुई है। इधर गिर गए टॉवर को फिर से खड़ा करने का काम शुरू कर दिया गया है।




