मेरठ। यूपी STF ने एक और एनकाउंट किया है। STF मेरठ में गुरुवार को गैंगस्टर अनिल दुजाना (36) को एनकाउंटर में मार गिराया। नोएडा बादलपुर थाना क्षेत्र के दुजाना गांव का निवासी अनिल दुजाना 3 साल से अयोध्या जेल में बंद था। दुजाना के खिलाफ 18 मर्डर समेत 62 से ज्यादा केस दर्ज थे। कुछ समय पहले ही वह जमानत पर छूटा था। अनिल दुजाना गैंग बनाकर लूट व हत्या की घटना को अंजाम देजा था। अनिल दुजाना के साथ ही एक और गैंगस्टर का यूपी में अंत हो गया।
बताया जा रहा है जमानत पर जेल से बाहर आते ही दुजाना ने जयचंद प्रधान हत्याकांड में उसकी पत्नी और गवाह संगीता को धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ पिछले सप्ताह 2 केस दर्ज किए थे। नोएडा पुलिस और यूपी STF गैंगस्टर की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह छापेमारी कर रही थी। दुजाना की तलाश में एसटीएफ ने 20 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की थी, लेकिन वह हाथ नहीं आ रहा था। गुरुवार को मेरठ के जानीखुर्द में मुठभेड़ में दुजाना को गोली लगी। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

गैंगस्टर अनिल दुजाना को मिलाकर यूपी STF ने पिछले 6 साल में 184 एनकाउंटर कर दिए हैं। बताया जाता है कि दुजाना का पश्चिमी यूपी के अलावा दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा में आतंक था। 2011 में नोएडा के एक मामले में उसे 3 साल की सजा सुनाई गई थी। उस पर बुलंदशहर पुलिस ने 25 हजार और नोएडा पुलिस ने 50 हजार का इनाम रखा था। एक पुराने मामले में पेश नहीं होने पर दुजाना के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद से ही दुजाना की तलाश तेज कर दी गई।
