कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार को हसदेव नदी में डूबने से दो बहनों की मौत हो गई। दोनों बहने अपने परिजनों के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए पहुंची थीं। इस बीच दोनों खेलते-खेलते नदी किनारे पहुंच गईं। कुछ देर बाद परिजन नदी किनारे नहाने पहुंचे तो कपड़े तैरते मिले। डूबने की आशंका से पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शवों को निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामला कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार कुदुरमाल गांव निवासी संतोष पटेल का छोटे भाई के घर गुरुवार शादी का कार्यक्रम था। उसका घर हसदेव नदी के किनारे पर है। शादी में शामिल होने संतोष अपने परिवार के साथ पहुंचा था। घर में हल्दी का कार्यक्रम चल रहा था। इस बीच संतोश की बेटियां तीन साल की रेयांश और छह साल की ज्योत्सना पटेल भी वहीं थी। इसी बीच दोनों खेलते हुए नदी किनारे पहुंच गई। इस बीच परिवार से रामेश्वर पटेल नदी में नहाने के लिए नदी किनारे पहुंचा तो उसे बच्ची का कपड़ा तैरता हुआ दिखाई दिया।

उन्होंने कपड़े पहचान कर घर में इसकी सूचना दी। घर में संतोष पटेल अपनी दोनों बेटियों की खोज करने लगा। कहीं नहीं मिलने पर सभी नदी किनारे जमा हो गए। इसके बाद दोनों बच्चियों की तलाश शुरू हुई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि दोनों बच्चियां नदी में नहाने उतरी या कोई हादसा हुआ है।
