कवर्धा Kawardha. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में रविवार सुबह चिल्फीघाटी क्षेत्र में तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया है। कार सवार सभी लोग एमपी के मंडला से भिलाई जा रहे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के मंडला निवासी निखिल कुशवाहा, दीपिका कुशवाहा, आस्था कुशवाहा, तरुण हरदहा और दंतेवाड़ा के गीदम निवासी स्नहेलता (50) कार से भिलाई जा रहे थे। इनके साथ 6 माह का बच्चा रुदवेग कुशवाहा भी कार में था। कबीरधाम में ग्राम चिल्फी से करीब सात किमी राजाढार के पास रायपुर-जबलपुर हाइवे पर पहुंचे थे कि सामने से आ रहे कंटेनर से उनकी टक्कर हो गई।

टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में छह महीने के बच्चे रुदवेग की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। जबकि अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी को बोड़ला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद कंटेनर चालक भाग निकला है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है।
