बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में बड़ा हादसा हो गया है। यहां के सिमगा थाना क्षेत्र में कोयले से भरी ट्रक कार पर पलट गई। इस हादसे में कार में बैठे शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस घटना में कार सवार दो लोग बाल-बाल बचे। बताया जा रहा है कि कार सवार कोरबा से रायपुर की ओर जा रहे थे इस बीच हादसे का शिकार हो गए।
मिली जानकारी के सिमगा थाना क्षेत्र में यह हादसा हुआ। कार में एक महिला और 2 पुरुष थे। बताया जा रहा है कि कोयले से भरी ट्रक का चालक ने सड़क पर अचानक आए गाय को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान ट्रक पलट गई और सामने से आ रही कार पर पलट गई। इस हादसे में कार की पिछली सीट पर बैठे शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक का नाम रजत अग्रवाल (22) है।
इधर घटना की सूचना मिलने के बाद सिमगा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। आसपास के लोगों की मदद से मृतक युवक का शव बाहर निकलवाया गया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रक को सीधा करवाकर कार रास्ता खाली कराया गया। हादसे के बाद काफी देर तक रास्ता जाम रहा।




