इंदौर। रामनवमी पर मध्यप्रदेश की आर्थिक नगरी इंदौर में बड़ा हादसा हो गया। यहां के स्नेह नगर के पास पटेल नगर में श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर परिसर में हवन कर रहे श्रद्धालु बावड़ी में गिर गए। दरअसल मंदिर के अंदर बावड़ी को ढ़कने के लिए जाली पर छत बनाई गई। हवन के दौरान भारी भीड़ होने के कारण बावड़ी की छत ढह गई और 25 लोग गिर गए। हादसे की सूचना के बाद तत्काल रेस्क्यू शुरू किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर के पास टीनशेड में बावड़ी पर निर्माण था। मंदिर में लोग रामनवमी पर हवन कर रहे थे तभी हादसा हुआ। निगम के अफसरों ने बताया कि 40 फीट गहरी बावड़ी पर लोहे की जाली थी। लोहे की जाली पर स्लैब डालकर छत बना दी गई। हवन के दौरान बावड़ी की छत पर ज्यादा लोगों के होने से जाली टूटी और हादसा हुआ। निगम के अफसरों ने बताया कि मंदिर में बावड़ी और उसके छत की जानकारी उन्हें नहीं थी। घटना के बाद फिलहाल मौके पर भारी भीड़ जमा है और रेस्क्यू का कार्य किया जा रहा है।




