कांकेर। छत्तीसगढ के कांकेर जिले में नक्सलियों ने जमकर उत्पात मचाया। यहां पर सड़क निर्माण में लगे 10 वाहनों को आग के हवाले कर दिया। कांकेर जिले के कोइलीबेडा विकासखंड के नक्सल प्रभावित ग्राम आलपरस में नक्सलियों ने घटना कां अंजाम दिया है। नक्सलियों ने यहां पर सड़क निर्माण कार्य में लगे दो जेसीबी और आठ ट्रैक्टर में आग लगाई है। जहां नक्सलियों ने घटना को अंजाम दिया वहां से कुछ किलोमीटर की दूरी पर सुरक्षाबलों का नया कैंप भी शुरू हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार कांकेर के चिलपरस कैंप से 7 किमी की दूरी पर आलपरस गुंदुल के बीच प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण हो रहा था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही यहां पर काम शुरू हुआ। नक्सलियों को इसकी जानकारी हुई तो रविवार रात को बड़ी संख्या में नक्सली वहां पहुंच गए और वाहनों में आग लगा दी। बताया जा रहा है यहां पर सुरक्षाबलों का कैंप खुलने से नक्सलियों में बौखलाहट है और इसी वजह से इस वारदात को अंजाम दिया गया।




