दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पाटन में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। पति पत्नी के आपसी विवाद के बाद पति ने अपना घर फूंक दिया। पत्नी जान बचाकर भाग गई लेकिन इस बीच घर का सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने से आग तेजी से फैली और आसपास के पांच घरों को चपेट में ले लिया। हादसे में जनहानी नहीं हुई लेकिन तीन मकानों को अत्याधिक नुकसान हुआ। वहीं दो मकानों को आंशिक नुकसान हुआ। आगजनी में एक बछिया की मौत हो गई और 50 कट्टा धान भी जल गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।

मिली जानकारी के अनुसार आगजनी की यह घटना पाटन के ग्राम दैमार की है। आगजनी का कारण जगन्नाथ ठाकुर और कौशल्या ठाकुर के बीच का विवाद है। दरअसल दोनों पति-पत्नी हैं और अक्सर इन दोनों में विवाद होता रहता है। शनिवार दोपहर को भी भी दोनों के बीच विवाद हुआ। इस पर जगन्नाथ ठाकुर अपनी पत्नी कौशल्या को मारने दौड़ा तो वह जान बचाकर घर से बाहर भागी। इसके बाद गुस्से में जगन्नाथ ठाकुर ने घर को जला दिया। आग की चपेट में आने से घर पर रखा सिलेण्डर फट गया और आग तेजी से फैला।

सिलेण्डर फटने के बाद फैली आग आसपास के मकानों तक पहुंच गई। सूचना मिलने पर पाटन थाना पुलिस व फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाना शुरू किया। लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। जगन्नाथ ठाकुर द्वारा अपने घर पर की गई आगजनी के कारण पड़ोसी तारा साहू ,मदन ठाकुर ,बलि साहू, काशी ठाकुर और नागेश ठाकुर के घर भी चपेट में आ गए।

मदन ठाकुर व बलि साहू का घर भी बुरी तरह से जल गए। मदन ठाकुर के घर पर रखा करीब 50 कट्ठा धान भी जलकर राख हो गया। यही नहीं मदन ठाकुर ने बताया कि उसके घर पर 50 हजार नगदी भी रखा हुआ था जो आग की चपेट में आ गया। मौके पर एसडीओपी पाटन देवांश सिंह राठौर एवं थाना प्रभारी पाटन राजकुमार लहरें पहुंचे। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। वहीं पुलिस ने आगजनी की जांच शुरू कर दी है।




