रायपुर। विदेश यात्रा का सपना दिखाकर रायपुर में कई लोगों से ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस के पास एक व्यक्ति ने शिकायत की जिस पर जांच हुई तो ठग कई लोगों को चूना लगा चुका है। इस तरह से उसने पांच लाख से भी ज्यादा की ठगी कर ली। तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी ठग ट्रेवल एजेंट को गिरफ्तार कर लिया है।

तेलीबांधा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार विरेश प्रताप नाम के शख्स ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने अपनी शिकायत में बताया कि 1 दिसंबर 2022 को सोहेल शेख नाम के व्यक्ति ने वीरेश को फोन विदेश यात्रा का टूर पैकेज बताया। उसने कहा कि उसकी गो-लेट्स नाम से ट्रैवल एजेंसी है। एजेंसी द्वारा विदेश यात्रा में कई सुविधाएं देती है। फ्लाइट टिकट, होटल बुकिंग और अन्य सभी लग्जरी सुविधाएं दी जाएगी। विरेश ने बैंकॉक का ट्रिप बुक कराया और एक लाख रुपए सोहेल के खाते में ट्रांसफर कर दिया।
जब विरेश ने सोहल को बताया कि उसने रुपए ट्रांसफर कर दिए हैं तो वह मुकर गया और कहा कि उसके खाते में पैसे नहीं आए। इसके बाद विरेश ने दोबारा पैसे ट्रांसफर किए। अब विरेश ने पुराने ट्रांसफर किए पैसे मांगे तो सोहेल ने देने से मना कर दिया और कहा कि जो करना कर लो। इसके बाद विरेश थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद तेलीबांधा पुलिस ने जब जांच की तो पता चला कि सोहेल इसे पहले भी कई लोगों को चूना लगा चुका है। अब तक पुलिस को सोहेल द्वारा विदेश यात्रा का लालच देकर पांच लाख से ज्यादा की वसूली की बात पता चली है। पुलिस ने आरोपी सोहेल को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।




