रायपुर। नवा रायपुर में सरकारी सुविधाओं के तहत नवनिर्मित सर्किट हाउस व ट्रांचिट हॉस्टल शुरू हो गया है। मंगलवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस सर्किट हाउस व ट्रांजिट हॉस्टल का लोकार्पण कर दिया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित इस सर्किट हाउस में कई सुविधाएं हैं। नवा रायपुर के सेक्टर- 24 में नव निर्मित सर्किट हाउस का मुख्यमंत्री ने विधि विधान के साथ पूजा अर्चना करते हुए फीता काटा और नव निर्मित सर्किट हाउस का निरीक्षण भी किया। नव निर्मित सर्किट हाउस का निर्माण 2 एकड़ क्षेत्र में 24 करोड़ रुपए की लागत से हुआ है। इसमें भूतल के अलावा 7 मंजिलों का निर्माण किया गया है।
नया रायपुर में अतिथियों की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के महत्वपूर्ण भवन सर्किट हाऊस का निर्माण किया गया है। इसमें 22 नग वातानुकूलित कमरे, 06 सुईट रूम, 1 नग वीवीआईपी सुईट रुम , 1 नग बैंकेट हॉल (150 सीटर), 1 बोर्ड रूम (23 सीटर), 1 नग मीटिंग रूम (54 सीटर), कान्फ्रेंस हॉल (12 सीटर) एवं डाइनिंग हॉल (50 सीटर) निर्मित है। सभी तल में टेरेस गार्डन निर्मित है। इस मौके पर मंत्री ताम्रध्वज साहू, मंत्री श्री रविन्द्र चौबे, मंत्री श्री कवासी लखमा समेत अन्य जनप्रतिनिधि तथा अधिकारी गण उपस्थित थे।


सेक्टर-30 में नवनिर्मित ट्रांजिट हॉस्टल का भी लोकार्पण
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवा रायपुर के सेक्टर-30 अधिकारियों के निवास के लिए बने ट्रांजिट हास्टल का लोकार्पण किया. लोक निर्माण विभाग द्वारा 9 करोड़ 50 लाख रूपए की लागत से ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण किया गया है। इस भवन में G+3 तल में कुल 54 यूनिट 1 बीएचके फ्लैट हैं. प्रत्येक यूनिट में एक ड्राईंग रूम, बेडरूम, किचन, बालकनी एवं रेस्ट रूम निर्मित है। लगभग 87 हजार वर्ग फीट में अधिकारियों के आवास की सुविधा के साथ ही ट्रांजिट हास्टल में किचन, डायनिंग हाल एवं ऑफिस का भी निर्माण किया गया है।




