बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में जवान की कुल्हाडी मारकर हत्या कर दी गई। मृतक जवान रविवार को अपने भाई की शादी में शामिल होने बीजापुर पहुंचा था। रविवार व सोमवार दरमियानी रात को उसकी हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह खून से लथपथ उसकी लाश मिली। उस पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए। घटना की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और शव को पीएम के लिए भेजा। आशंका जताई जा रही है कि जवान की नक्सलियों ने हत्या की होगी हालांकि मौके से किसी भी तरह का कोई पर्चा नहीं मिला है।

बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत जवान की हत्या कर दी गई। मृतक जवान का नाम पन्नी वेट्टी बताया जा रहा है। पन्नी वेट्टी बीजापुर का रहने वाला था और दंतेवाड़ा में हवलदार के पद पर पदस्थ था। रविवार को वह बीजापुर के बेलचर गांव अपने भाई की शादि में शामिल होने पहुंचा था। रविवार रात को उसकी हत्या कर दी गई। फिलहाल पुलिस यह बताने की स्थिति में नहीं है कि हवलदार की हत्या नक्सलियों ने की या किसी और ने। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।




