राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शनिवार को पुलिस ने शराब तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। जिले के सोमनी व डोंगरगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने 15 लाख रुपए का शराब जब्त किया है। तस्कर महाराष्ट्र से शराब की तस्करी कर रहे थे। इसके लिए बंद गोभी के ट्रांसपोर्टिंग का सहारा लिया गया। बंदगोभी की बोरियों के नीचे शराब छिपाकर लाया गया। पुलिस ने दोनों थाना क्षेत्रों से 180 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है। शनिवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, डीएसपी नेहा वर्मा और सीएसपी अमित पटेल ने इसका खुलासा किया।

एएसपी पटले ने बताया कि महाराष्ट्र से शराब तस्करी की सूचनाएं मिल रही थी। इसे देखते हुए सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट किया गया था। इसी कड़ी में सोमनी थाना क्षेत्र के सोमनी थाना क्षेत्र के ठाकुरटोला टोल नाके के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दो तस्करों को पकड़ा। मालवाहक गाड़ी एमएच 49 एटी 9818 में 100 पेटी अंग्रेजी शराब बंद गोभी की बोरियों के नीचे रखकर ले जा रहे थे। इस शराब की कीमत 10 लाख 35 हजार है जिसे पुलिस ने जब्त किया। इस मामले मे वाहन चालक आकाश लोखंडे (27) निवासी जालनाखेड़ा थाना नारखेड, जिला नागपुर और हेल्पर मनोज काड़े (36) साल निवासी चार नंबर नाका पवनगांव रोड, थाना कल्मना नागपुर को गिरफ्तार किया है।
इसी तरह डोंगरगाव पुलिस को भी महाराष्ट्र से शराब तस्करी का इनपुट मिला था। पुलिस ने मालवाहक गाड़ी एमएच 49 डी 0154 को रोका और जांच करने पर 80 पेटी अंग्रेजी शराब मिली। शराब की कीमत 5 लाख 57 रुपए बताई जा रही है। इस मामले पुलिस ने रोहित बाबर (35) निवासी अजनी, जिला नागपुर और आमीर खान (34) निवासी बाहरदुरा रोड नागपुर को गिरफ्तार किया। इस प्रकार पुलिस ने दो मामलो में कुल 180 पेटी शराब के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया।




