कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शुक्रवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। यहां के कटघोरा थाना क्षेत्र के तहत ग्राम गोढ़ी में संचालित जैन पब्लिक स्कूल के बस में बीच सड़क पर अचानक आग लग गई। बस का टायर पंक्चर होने पर चालक ने साइड में लगाया तभी अचानक धुआं उठने लगा। बच्चों के शोर मचाने पर भीड़ जमा हो गई और सभी बच्चों को बस से उतारा गया। देखते ही देखते बस आग का गोला बन गया। सूचना के बाद जब तक फायर ब्रिगेड पहुंचती तब तक वाहन पूरी तरह से जलकर खाक हो चुका था।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार शाम 4:30 बजे की बताई जा रही है। जैन पब्लिक स्कूल कोरबा की बस में रोज की तरह कटघोरा, छुरी और दर्री के बच्चों को स्कूल की छुट्टी के बाद चालक मनोज कुमार घर छोड़ने जा रहा था। रास्ते में अचानक बस का पहिया पंक्चर हो गया। चालक ने बस को साइड किया और पंक्चर बनाने की व्यवस्था करने लगा। इतने में बस से धुआं उठने लगा तो बच्चों की चीखें निकल गई। आवास सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी बच्चों को बाहर निकला।
इसके बाद कुछ ही देर में बस जलने लगा। मौके से फायर सर्विस को कॉल किया गया। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची कार पूरी तरह से जल चुका था। दमकल विभाग के कर्मियों ने पानी और फोम की सहायता से आग को बुझाया। बस में लगभग 10 बच्चे सवार थे जो बाल बाल बच गए। यदि जरा सी भी देर होती तो बड़ी घटना हो सकती थी। फिलहाल घटना की सूचना कटघोरा पुलिस को दे दी गई है। पुलिस आग लगने के कारण का पता लगाने का प्रयास कर रही है।




