नेशनल डेस्क। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ का रविवार को निधन हो गया है। वे पिछले लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक वे अमाइलॉइडोसिस बीमारी से जूझ रहे थे। रविवार को दुबई के अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका इलाज संयुक्त अरब अमीरात के अमेरिकी अस्पताल में चल रहा था। वे 2016 से दुबई में रह रहे थे। परवेज मुशर्रफ आखिरी दिनों में चलने फिरने में भी असमर्थ दिखे वे पूरी तरह व्हील चेयर के भरोसे थे और खाना भी नहीं खा पा रहे थे।
बता दें परवेज मुशर्रफ का जन्म दरियागंज नई दिल्ली में 11 अगस्त 1943 को हुआ था। 1947 में उनके परिवार ने पाकिस्तान जाने का फैसला किया। विभाजन के कुछ दिन पहले ही उनका पूरा परिवार पाकिस्तान पहुंचा था। परवेज मुशर्रफ तख्तापलट के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति बने। 1999 से 2008 तक पाकिस्तान पर शासन किया था। इसके बाद यहां लोकतांत्रिक सरकार बनी। पाकिस्तान में 3 नवंबर, 2007 को इमरजेंसी लगाने और और दिसंबर 2007 के मध्य तक संविधान को निलंबित करने के जुर्म में परवेज मुशर्रफ पर दिसंबर 2013 में देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया गया था। मुशर्रफ को 31 मार्च, 2014 को दोषी ठहराया गया। पाकिस्तान के इतिहास में पहली बार पेशावर हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस वकार अहमद सेठ की अध्यक्षता में विशेष अदालत की तीन सदस्यीय पीठ ने मुशर्रफ को फांसी की सजा सुनाई। इसके बाद वे देश छोड़कर भाग गए। मुशर्रफ मार्च 2016 से दुबई में रह रहे थे और वहीं पर उन्होंने अंतिम सांस ली।
