स्पोर्ट्स डेस्क। ICC वुमेन्स अंडर-19 टी-20 विश्वकप में भारत की बेटियों ने इतिहास रच दिया है। शेफाली वर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने इंग्लैंड की टीम को 7 विकेट से हराकर विश्वकप ट्राफी पर कब्जा किया। भारत की इस जीत से बीसीसीआई गदगद है और उसने टीम को 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा कर दी है। भारतीय टीम की जीत में सभी खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी भूमिका को बखूबी निभाया। कप्तान शेफाली वर्मा ने फ्रंट से टीम को लीड किया तो वहीं श्वेता सेहरावत ने बल्ले से धमाकेदार खेल दिखाया।
भारत ने पहले अंडर-19 विमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया है। भारतीय टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को 7 विकेट से हरा दिया। साउथ अफ्रीका के पोचेस्ट्रूम स्थित स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग चुनी। पहले बल्लीबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम 17.1 ओवर में 68 रन पर ऑल आउट हो गई। 69 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 14 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर लिया। फाइनल में 6 रन देकर 2 विकेट लेने वालीं टिटास साधू को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। इंग्लैंड की कप्तान ग्रेस स्रीवंस प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहीं। उन्होंने 7 मैचों में 293 रन बनाने के साथ 9 विकेट भी चटकाए।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पहली बार ही विमेंस का अंडर-19 वर्ल्ड कप आयोजित कराया है। 20 ओवर फॉर्मेट में हुए इस टूर्नामेंट में टीम इंडिया पहली चैंपियन बनी। इंडिया विमेंस टीम किसी भी लेवल पर पहली ही बार वर्ल्ड चैंपियन बनी है। पुरुषों की अंडर-19 भारतीय टीम भी मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन है। टूर्नामेंट जीतने पर BCCI ने विमेंस क्रिकेट टीम और सपोर्ट स्टाफ को 5 करोड़ रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। यही नहीं BCCI सचिव जय शाह ने कप्तान शेफाली वर्मा सिहत पूरी टीम को भारत और न्यूजीलैंड सीरीज का अंतिम टी-20 मैच देखने के लिए अहमदाबाद आमंत्रित किया है।




