बिलासपुर। गली में पानी बहाने से पड़ोसी को मना किया तो ऐसा विवाद हुआ कि महिला की कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी। यही नहीं बीच बचाव करने पहुंची बेटी के गले में भी वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पेंडारी के सतनामीपारा शनिवार शाम को गली में पानी बहने को लेकर बड़ा विवाद हो गया। यहां रहने वाले मंगलूराम कुर्रे (50) की पत्नी शैलकुमारी कुर्रे (45) की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। हत्या करने वाला पड़ोसी जमुना प्रसाद अनंत घर के सामने पानी फैलाता था इसके लिए आए दिन विवाद भी होता था। शनिवार को विवाद बढ़ा और यह कांड हुआ। इस दौरान बीच बचाव करने मृतका की बेटी सुचित्रा कुर्रे (18) पहुंची तो जमुना प्रसाद ने उस पर भी वार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के समय मृतका का पति मंगलूराम काम पर गया हुआ था। वह शहर में ऑटो चलाता था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलूराम घर पहुंचा और बेटी को अस्पताल पहुंचाया। इधर हत्या की घटना के बाद रात को पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पीएम के लिए भेजा। घटना के बाद आरोपी जमुना प्रसाद घर पर ही छिपा हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।




