भिलाई। नेवई में 11 दिन पहले निलोफर किराना स्टोर्स के संचालक के घर पर कुछ बदमाशों ने अटैक किया था। घर में घुसकर बच्चे के गले में धारदार हथियार रख रुपए पैसे की मांग की गई। इस दौरान घर की तलाशी ली और जो मिला लेकर चलते बने। इस घटना की शिकायत को नेवई पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया और मामूली धाराओं के अपराध दर्ज किया गया। वहीं घटना के 11 दिन बाद चोरी की रकम बांटने के विवाद में तीन तीन आरोपी नेवई पुलिस के हत्थे चढ़े। वहीं तीन आरोपी फरार हो गए हैं।

दरअसल शनिवार को नेवई शराब की दुकान के पास कुछ युवक चोरी की रकम के बंटवारे की बात पर विवाद कर रहे थे। मुखबिर के जरिए पुलिस को सूचना मिली तो मौके पर पहुंची। यहां पहुंचने के बाद पुलिस ने राज कुमार साहू (32) निवासी वार्ड नंबर 12 धनोरा, वीरेन्द्र चंदेल उर्फ दादू (22) निवासी जवाहर नगर अटल आवास वैशालीनगर और व्यंकटेश्वर राव उर्फ वेंकट (45) निवासी सेक्टर 10 को हिरासत में लिया। वहीं इनके तीन साथी आरोपी इमरान खान, राकेश सिंह और रफीक फरार होने में कामयाब हो गए।
पुलिस की पूछताछ में इन आरोपियों ने 10 जनवरी को नेवई के निलोफर किराना स्टोर्स के घर में घुसकर लूटपाट करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार निलोफर किराना स्टोर के संचालक नरगिस खान (37) के घर में घुसकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। घटना 10 जनवरी सुबह 6 बजे की है। अपनी शिकायत में नरगिस खान ने बताया कि कुछ लोग घर के अंदर पहुंचे और तुम्हारे पति के कारण जेल जाना पड़ा है। इसके बाद रुपए पैसा कहां है यह कहकर पूरे घर की तलाशी ली और उसके बाद जो मिला उसे लेकर चलते बने। बाद में पता चला कि आरोपियों ने आलमारी में रखे 8 हजार रुपए नगद, एक जोड़ी चांदी की पायल व अन्य सामान लेकर चलते बने। इसी चोरी की रकम को बांटने के नाम पर इनमें झगड़ा हो रहा था और इसी के चलते आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े।




