भिलाई। हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया में पुलिस ने चोरी का कबाड़ पकड़ने में सफलता पाई है। पुरानी भिलाई पुलिस ने यहां पर 3 लाख 60000 रुपए का 6 टन लोहे के कबाड़ से लदी गाड़ी गोदाम के सामने पकड़ाई। कबाड़ी चोरी करवाने वाला सरगना और गोदाम का मालिक शिव शर्मा फरार हो गया। वहीं मौके से पुलिस ने उसके चार गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस फिलहाल फरार शिव शर्मा की तलाश में जुट गई है।

बता दें हथखोज हत्याकांड के बाद पुलिस ने क्षेत्र में पेट्रोलिंग तेज कर दी है। इसी का नतीजा है कि पुलिस को चोरी का कबाड़ पकड़ने में सफलता मिली। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17-18 जनवरी की देर रात टेलीकॉम फैक्ट्री के अंदर से बड़ी मात्रा में लोहा चोरी हुआ था। इसकी शिकायत सेक्टर 1 भिलाई निवासी रमेश सोनी ने गुरुवार को दर्ज कराई थी। चोरों ने फैक्ट्री के पीछे रखे एलएन टॉवर व टीटीएच टॉवर के कम्पोनेंट आदि चुरा लिया था। इनकी संभावित कीमत साढ़े तीन लाख रुपए से ज्यादा बताई गई। इसके बाद पुलिस ने चोरों की तलाश तेज कर दी।
इस बीच मुखबिर से सूचना मिली कि हथखोज में कबाड़ बेचने की फिराक में कुछ लोग घूम रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में संदेहियों ने शिव शर्मा का नाम बताया जिसके कहने पर वे यह लोहे का सामान लेकर जा रहे थे। इसके बाद संदेहियों ने इंजीनियरिंग पार्क के गोदाम का पता भी बताया जहां यह सारा माल छिपाकर रखा गया। पुलिस ने रेड की और दो गाड़ियों में भरे लोहे के एंगल आदि बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने शिवाजी नगर अटल आवास निवासी बंशीलाल बारले (25), वैशाली नगर गोल मार्केट के पास निवासी हर्ष तनेजा (21) और खुर्सीपार दुर्गा मंदिर निवासी जसवीर सिंह (29) व एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। वहीं पूरे घटना का मास्टरमाइंड शिव शर्मा फरार है।




