भिलाई। भिलाई उद्योग चेम्बर के प्रतिनिधिमण्डल ने छग चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष अमर पारवानी से भेंटकर निगम द्वारा उद्योगों पर लगाये जा रहे संपत्तिकर के मामले में आवश्यक पहल करने की मांग की। चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन के नेतृत्व में भिलाई उद्योग चेम्बर ने इस विषय पर शासन से चर्चा कर उद्योगों को राहत देने की मांग की है।
भिलाई उद्योग चेम्बर के अध्यक्ष जेपी गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि भिलाई औद्योगिक क्षेत्र में संचालित सभी उद्योग डीआईसी द्वारा आबंटित जमीन पर लीज पर संचालित हैं, जिसका निर्धारित शुल्क उद्योगों द्वारा दिया जा रहा है। बावजूद इसके यहां पर निगम द्वारा उद्योगों पर संपत्तिकर लगाया जा रहा है, जो कि समझ से परे है। इस संबंध में उद्योग चेम्बर द्वारा लंबे समय से शासन- प्रशासन से संवाद कर इस समस्या के निराकरण की मांग की जा रही है, बावजूद इसके आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा सकी है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा संपत्तिकर शुल्क के बार-बार उद्योगपतियों को नोटिस भेजा जा रहा है, जिससे लोग काफी परेशान हो रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष से मांग की है कि लंबे समय से चल रही इस समस्या का शासन से चर्चा कर निराकरण किया जाये। अजित सिंह,अतुल गर्ग,बृजमोहन अग्रवाल,विनोद सोनी,राजीव गुप्ता,राकेश मल्होत्रा,शंकर सचदेव,सुधाकर शुक्ला,राजेश शर्मा,अक्षय गुप्ता,अखिलेश सिंह उपस्थित थे।





