भिलाई। नेशनल हाइवे पर बीती रात चरोदा हनुमान मंदिर के सामने बड़ा हादसा हो गया। सामने जा रही टैंकर से एक हाइवा भिड़ गई। हाइवा तेज रफ्तार में थी और सामने चल रहे टैंकर को पीछे से ठोकर मार दी। ठोकर इतनी जोरदार थी कि हाइवा के सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। हाइवा का चालक केबिन में फंस गया। मौके पर पहुंची हाइवे पेट्रोलिंग की टीम ने हाइवा के केबिन को काटकर चालक को बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना घटना गुरुवार आधीरात की बताई जा रही है। रायपुर से दुर्ग ओर चरोदा हनुमान मंदिर के सामने हाईवा क्रमांक सीजी 07 सीसी 6420 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दरअसल सामने चल रहे एक टैंकर चालक ने अचानक ब्रेक मारी जिससे हाइवा चालक पीछे से ठोकर मार दी। इससे हाईवा का केबिन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हाइवा का चालक अनुज (35) निवासी झारखण्ड केबिन में बुरी तरह से फंस गया था।
मौके से इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। यातायात भिलाई 03 चौकी से पाइंट मिलने पर हाईवे पेट्रोलिंग 3 एवं हाईवे पेट्रोलिंग-4 में ड्यूटी में उपस्थित आरक्षक प्रकाश सूर्यवंशी, आरक्षक मोहन राव, जितेन्द्र राय एवं हरीश नायक मौके पर पहुंचे। इसके बाद हाईवे पेट्रोलिंग में उपलब्ध कटर मशीन के माध्यम से वाहन के गेट को काटकर वाहन चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एम्बुलेंस की सहायता से तत्काल नजदीकी शासकीय हॉस्पिटल ले जाया गया। इस दौरान घटना स्थल पर मौजूद पंकज पाल, संदीप सिंह, हसन खान आदि ने पेट्रोलिंग पार्टी का सहयोग किया। यातायात पुलिस इन युवाओं का जनवरी माह में प्रस्तावित यातायात सप्ताह के दौरान सम्मान करेगी।




