मुंबई (एजेंसी)। भागवत कथा वाचक और वृंदावन में ठाकुर श्री प्रियाकान्त जू मंदिर के संस्थापक देवकीनंदन महाराज को जिंदा जलाने की धमकी मिली है। बताया जा रहा है महाराज को यह कॉल सउदी अरब से आया था और अज्ञात कॉलर ने गाली गलौच करते हुए चौक पर जिंदा जलाने की धमकी दी। देवकीनंदन महाराज इस समय खारघर मुंबई में श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कर रहे हैं। वहीं उन्हें धमकी मिलने के बाद महाराष्ट्र पुलिस कॉलर के खिलाफ अपराध दर्ज कर महाराज की सुरक्षा बढ़ा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार देवकीनंदन महाराज के पर्सनल मोबाइल नंबर पर यह कॉल आया था। जिसे रिसीव करने पर फोन करने वाले शख्स ने महाराज पर मुसलमानों के खिलाफ बोलने का आरोप लगाया और फिर वह अश्लील गालियां देने लगा। महाराज के विरोध करने पर उन्हें बम से उड़ाने और चौक पर जिंदा जलाने की धमकी दी गई। डेढ़ मिनट के कॉल का उनके साथी ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। इस मामले में पुलिस ने 298, 504, 506, 507 धाराओं के तहत एक एनसीआर दर्ज की है।
इससे पहले भी मिली हैं धमकियां
हिंदुत्व की प्रखर आवाज बने देवकीनंदन महाराज को इससे पहले भी कई बार जान से मारने और टुकड़े-टुकड़े करने की धमकियां मिल चुकी हैं। जिसमें प्रियाकान्तजू मंदिर पर किसी मुस्लिम संगठन के नाम से पत्र मिला था। इसमें हिंदुत्व के प्रचार पर सामूहिक नरसंहार की चेतावनी लिखकर भेजी गई थी। वृन्दावन कोतवाली में भी इस सबंध में मामले दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त एक बार कथा के लिए दिल्ली जाते समय उनकी गाड़ी को रोककर हमले की कोशिश भी हो चुकी है।





