भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई की इन कंगाली के बुरे दौर से गुजर रहा है। हालात यह हैं कि निगम में नियमित कर्मचारियों व अधिकारियों को भी समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। बीते तीन माह से अफसर-कर्मियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। नवंबर माह का वेतन अब तक इनके खातों में नहीं पहुंचा है। इसके विरोध में शुक्रवार को अफसर-कर्मियों ने गेट मीटिंग की और प्रशासन के खिलाफ के जमकर नारेबाजी की।

अफसर कर्मचारियों की इस गेट मीटिंग में रिसाली निगम के अधिकारी भी पहुंचे और इनका समर्थन किया। प्रदर्शन कर रहे निगम कर्मचारियों का कहना है कि पिछले तीन महीनों से समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। माह की पहली तारीख को वेतन मिलना चाहिए लेकिन पिछले तीन माह से हर बार देर हो रही है। नवबंर माह का वेतन आज 23 दिसंबर तक नहीं मिला है। एक सप्ताह बाद यह महीना भी खत्म हो जाएगा। निगम के अफसर व कर्मचारी समय पर वेतन चाहते हैं। गेट मीटिंग के जरिए अफसर-कर्मियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए समय पर वेतन देने की मांग की है।




