बिलासपुर। कैरेक्टर पर शक के कारण यहां एक पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र का है। खासबात यह है कि आरोपी पति ने महिला से दूसरी शादी की थी। बुधवार रात को दोनों के बीच झगड़ा हुआ और इसके पति ने पत्नी को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। यहां तक की डंडे से भी मारा। पीटते-पीटते बीच मोहल्ले में भी ले गया। इसके कारण महिला की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत लिमतरा निवासी शंकर सूर्यवंशी (45) ने करीब डेढ़ साल पहले उसने चंद्रिका सूर्यवंशी (29) से दूसरी शादी की थी। शंकर सूर्यवंशी नशे का आदी था और अक्सर नशे में पत्नी से मारपीट करता था। शंकर को अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका थी। बुधवार की रात को भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा। इसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इस दौरान शंकर ने पत्नी को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान उसने अपनी पत्नी को घसीट-घसीट कर मारा। आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जब तक पुलिस पहुंची उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।




