भिलाई। चीन में कारोना के नए वेरिएंट ने हाहाकार मचा रखा है। इसे देखते हुए भारत सरकार ने भी सभी राज्यों को गाइडलाइन जारी किए हैं। इसमें भीड़भरे हर तरह के कार्यक्रमों से बचने की सलाह दी गई है। केन्द्र सरकार के गाइडलाइन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तंज कसा है। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कह दिया कि भारत जोड़ो यात्रा रोकने के लिए नया बहाना खोजा जा रहा है।
बता दें दुनिया में बढ़ते मामलों को देखते हुए भारत में भी सतर्कता बढ़ गई है। स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण की तरफ से एनसीडीसी और आईसीएमआर को चिट्ठी लिखी गई है। सरकार ने सभी राज्यों को सावधान रहने को कहा है। केंद्रीय सचिव की चिट्ठी में कहा गया है कि अगर कोरोना के नए वैरिएंट्स की पहचान समय पर करनी है तो इसके लिए जीनोम सीक्वेंसिंग जरूरी है। स्वास्थ्य सचिव ने सभी राज्यों को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए सैंपल भेजने को कहा है साथ ही भीड़भरे किसी भी कार्यक्रम से परहेज करने की बात भी चिट्ठी में लिखी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कोरोना में केन्द्र ने कराया चुनाव
केन्द्र सरकार की गाइडलाइन जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि जब कोरोना संक्रमण का दौर था तब केन्द्र सरकार ने पश्चिम बंगाल, असाम व उत्तर प्रदेश में चुनाव कराए। अब जब भारत में हालात सामान्य हैं तो कोरोना का भय दिखाया जा रहा है। सीएम बघेल ने कहा कि यह सब राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा को रोकने का नया बहाना खोजा जा रहा है।
चीन में बढ़ रहे कोरोना के केस
चीन में तेजी से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। अस्पतालाों को बाहर लंबी कतार लगी है। मरीजों को बेड नहीं मिल रहे हैं। चीन में हालात कंट्रोल से बाहर हैं। अमेरिका के एक रिसर्च इंस्टीट्यूट ने दावा किया था कि 2023 में चीन में कोरोना विस्फोट हो सकता है और करीब 10 लाख लोगों की मौत हो सकती है। हालांकि भारत में हालात सामान्य है और चुंकि चीन हमारा पड़ोसी देश है इसलिए सतर्कता भी जरूरी है।




