बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नाबालिग किशोरी की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। हत्या करने वाला कोई और नहीं बल्कि बॉयफ्रेंड निकला। हत्या के बाद युवक थाने पहुंचा और खुद को सरेंडर कर दिया। युवक ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी प्रेमिका मार दिया है और शव हरदी रोड स्थित राधे इंडस्ट्रीज के पास सुनसान जगह पर पड़ा है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। इधर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार तोरवा थाने में रविवार सुबह एक युवक पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है। हत्या के बाद शव को मौके पर छोड़कर आया है। युवक के बताए अनुसार जब मौके पर पुलिस पहुंची तो वहां नाबालिग किशोरी का शव पड़ा था। उसकी सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। चुंकि हत्या की घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का था इसलिए तोरवा पुलिस ने आरोपी युवक को सिरगिट्टी पुलिस के हवाले कर दिया। सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
9वीं कक्षा में पढ़ती थी छात्रा
सिरगिट्टी पुलिस ने बताया कि मृतक नाबालिग 9वीं की छात्रा थी। उसका बापू नगर निवासी यश खुसरैल(19) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच युवक को शक होने लगा कि उसकी गर्लफ्रेंड किसी और से बात करती है और इसे लेकर उसके चरित्र पर शंका किया करता था। इसे लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद भी हो चुका है।

जन्मदिन मनाने के बहाने ले गया था युवक
आरोपी युवक ने पुलिस को बताया कि शनिवार को उसने किशोरी को जन्मदिन मनाने के बहाने बुलाया था। इस दौरान युवक नाबालिग को लेकर सिलपहरी स्थित हरदी रोड के राधे इंडस्ट्रीज के पास ले गया। आमतौर पर यहां पर लोगों की आवाजाही कम रहती है। यहां पर दोनों में फिर से विवाद होने लगा ओर इस बीच युवक ने लड़की का बला दबा दिया। इससे लड़की बेहोश होकर नीचे गिर गई तो पास से पत्थर उठाया और उसके सिर पर पटक दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
रातभर वहीं पड़ा रहा शव
आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद वह कुछ देर तक घटना स्थल पर ही रहा और उसके बाद वहां से भाग गया। रातभर लड़की का शव वहीं पर पड़ा रहा। इस बीच लड़की के परिजन उसे तलाशते भी रहे। सुबह आरोपी युवक खेद थाने पहुंचा और खुद को सरेंडर कर दिया। शव बरामद करने के बाद पुलिस ने लड़की के परिजनों को सूचना दी। पीएम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया।




