कांकेर। जिले के अंतागढ़ क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मिनी ट्रक में सवार होकर कई लोग जा रहे थे। रास्ते में अनियंत्रित मालवाहक पलट गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक घायल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार अंतागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत पोंडगांव के बाद यह हादसा हुआ। मालवाहक में सवार होकर कई लोग अपने परिचित के समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। हादसे में दो लोगों की जान चली गई है। वहीं घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मालवाहक काफी तेज गति में था और अनियंत्रित होने से पलटा है। हादसे में घायल व मृतकों के नाम सामने नहीं आए हैं। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।




