जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से लगे एक छुई खदान धंसने से पांच मजदूरों की मौत हो गई है। घटना शुक्रवार दोपहर की है। जगदलपुर से 11 किमी. दूर मालगांव के खदान में यह बड़ा हादसा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर कई मजदूर इस खदान में काम कर रहे थे। इसी बीच खदान में काम कर रहे मजदूरों के ऊपर अचानक मलबा गिरने लगा। देखते ही देखते कई मजदूर मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस खदान में काम करने वाले मजदूरों की मदद से राहत बचाव कार्य में जुट गई है।
कई मजदूर मलबे में फंसे
सूचना के मुताबिक घटना स्थल पर अभी भी कई और लोग फंसे हुए हैं। पुलिस और एसडीआरएफ ने उन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक अब तक 7 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। वहीं 5 लोगों की मौत हो गई है। 5 और लोगों के खदान में फंसे होने की आशंका। खदान में जिस वक्त यह हादसा हुआ वहां एक दर्जन से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे।




