राजनांदगांव. संस्कारधानी में EOW (आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है। ईओडब्ल्यू मुंबई के अधिकारियों ने बुधवार को राजनांदगांव पहुंचकर ब्राम्हण पारा स्थित व्यापारी प्रियंक सोनी को उसके घर से हिरासत में लेकर जिला न्यायालय में पेश करते हुए ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। ईओडब्ल्यू के अधिकारी भाजपा नेता को मुंबई लेकर गए हैं। जहां उनसे पूछताछ की जाएगी। ईओडब्ल्यू की कार्रवाई के बाद भाजपा ने भी आरोपी नेता को दक्षिण मंडल के कोषाध्यक्ष पद से तत्काल निलंबित कर दिया है। ईओडब्ल्यू की कार्रवाई से राजनांदगांव में हड़कंप मच गया है।
रेलवे ठेका में अनियमितता के चलते कार्रवाई
मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय व्यापारी प्रियंक सोनी की गिरफ्तारी रेलवे ठेके से जुड़े आर्थिक वित्तीय अनियमितता के चलते की गई है। बालाघाट के रेलवे ठेकेदार के माध्यम से प्रियंक सोनी ने दुर्ग और बालोद में रेलवे को लगने वाली सामग्री की सप्लाई की थी। जिसके बदले 65 लाख रुपए का भुगतान भी प्रियंक सोनी को किए जाने की जानकारी मिली है। इसी भुगतान में गड़बड़ी को लेकर ईओडबल मुंबई मामले की जांच कर रही है। फिलहाल ईओडब्ल्यू के निशाने पर भाजपा नेता के आने से पार्टी की भी जमकर किरकिरी हो रही है।




