रायपुर. आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में बड़ी सर्जरी की है। भाजपा ने एक साथ 13 जिलों के जिला अध्यक्षों को बदल दिया है। छत्तीसगढ़ भाजपा ने प्रेस रिलीज जारी करके अपने 13 नए जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा की। बता दें कि छत्तीसगढ़ के कई जिलों में जिला अध्यक्ष बदले जाने को लेकर पिछले कई दिनों से कवायद चल रही थी। आखिरकार प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने 13 जिलों के अध्यक्षों के बदलाव पर मुहर लगा ही दिए। राजधानी रायपुर के अलावा भिलाई, राजनांदगांव, नारायणपुर, मोहला-मानपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई,कोरिया, जशपुर, सारंगढ़, सुकमा, सक्ती, जांजगीर-चांपा के जिला अध्यक्षों को बदला गया है।


भिलाई की जिम्मेदारी मिली बृजेश को
सीएम के गृह जिले के हाई प्रोफाइल भिलाई में भी भाजपा ने अपना जिला अध्यक्ष बदल दिया है। भिलाई की जिम्मेदारी बृजेश ब्रिजपुरिया को दी गई है। इसी तरह राजनांदगांव को रमेश पटेल संभालेंगे। छत्तीसगढ़ में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है, बीजेपी पिछले 3 महीने से लगातार बदलाव कर रही है। चुनाव से पहले आने वाले 10 से 11 महीनों में अभी कौन-कौन से चेहरे बदल दिए जाएंगे, ये आने वाला वक्त तय करेगा।
चुनाव से पहले बीजेपी की बड़ी सर्जरी
मंगलवार देर रात सूबे की राजधानी रायपुर के बीजेपी दफ्तर से 13 जिला अध्यक्षों के बदले जाने का फरमान जारी हुआ। इससे पहले 9 अगस्त को प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष को बदलने का आदेश जारी हुआ था। विष्णुदेव साय की जगह अरुण साव को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया। इसके बाद 17 अगस्त को नेता प्रतिपक्ष को बदलने का आदेश जारी हुआ। धरमलाल कौशिक की जगह नारायण चंदेल को जिम्मेदारी दी गई, और फिर करीब एक महीने में डी पुरंदेश्वरी को हटाकर ओम माथुर को छत्तीसगढ़ का नया भाजपा प्रदेश प्रभारी बना दिया गया।




