कोरबा. एक पिता ने अपने दो महीने की मासूम बेटी को जमीन पर पटकर मार डाला। दिलदहला देने वाली यह घटना चरित्र शंका से जुड़ी है। पति को अपने पत्नी के चरित्र पर शक था वह नवजात बेटी को अपनी औलाद नहीं मानता था। आवेश में आकर इस घटना को अंजाम दे दिया। घटना कोरबा जिले के बालकोनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने हत्या के आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
बच्ची को लेकर होता था विवाद
पुलिस ने बताया कि बालकोनगर के लालघाट इलाके में रहने वाली महिला ने दो माह पहले एक बच्ची को जन्म दिया था। बेटी के जन्म के बाद से ही पति-पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा था। पति सरना मुंडा दो माह की बच्ची को अपनी संतान होने से इनकार कर रहा था। बेटी किसकी है? इसे लेकर पति पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा था। बुधवार की रात दोनों के बीच विवाद हुआ। सरना मुंडा ने पनी के साथ मारपीट किया। दो माह की बेटी को झापड़ मार दिया। बच्ची को लेकर देर रात तक दोनों के बीच विवाद हुआ।

इलाज के दौरान मौत
गुरुवार की सुबह लगभग 11 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद फिर बढ़ गया। सरना ने बेटी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। बच्ची को गंभीर चोटें आई। उसे गंभीर स्थिति में कोरबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। घटना की शिकायत बालकोनगर थाना में की गई। पुलिस ने सरना को गिरफ्तार कर लिया।
