दुर्ग. शासकीय कार्यालयों में उस समय हड़कंप मच गया जब दुर्ग संभागायुक्त महादेव कावरे ने अचानक दबिश दी। संभागायुक्त गुरुवार को कार्यालय खुलने के समय सुबह ही वाणिज्य कर विभाग दुर्ग के दफ्तर पहुंचे। जहां बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी अनुपस्थित थे। सर्किल 1 कार्यालय में 20 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, वहीं सर्किल 2 में कुल 22, सर्किल 3 में 8 कर्मचारी, सर्किल 4 में 18 अधिकारी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। संभागायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों का आधे दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने कहा कि सभी कर्मचारियों के टेबल पर नाम पट्टिका आवश्यक रूप से रखा जाना चाहिए।
6 कर्मचारी मिले अनुपस्थित
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के संभागीय कार्यालय के निरीक्षण के दौरान 6 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिस पर कावरे ने अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्यवाही करते हुए, सभी कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत विभागीय सेवाओं और प्राप्त आवेदनों पर की जा रही कार्यवाही का अवलोकन किया।

आरटीओ कार्यालय पहुंचते ही कर्मचारियों में मचा हड़कंप
संभागायुक्त कावरे जैसे ही परिवहन कार्यालय दुर्ग निरीक्षण के लिए पहुंचे उस समय उपस्थित कर्मचारियों में अफरा तफरी मच गई। अधिकारी सहित कर्मचारी सकते में आ गए। कार्यालय में 4 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जिन पर तत्काल कार्यवाही की गई। संभागायुक्त ने सभी टेबल पर नाम प्लेट रखने के साथ ही लायसेंस बनाने के लिए निर्धारित काउंटर में कार्यरत कर्मचारियों के भी नेम प्लेट आवश्यक रूप से रखे जाने के निर्देश दिए। कार्यालय में अव्यवस्थित रूप से रखे हुए नस्तियों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए साथ ही कार्यालय में नियमित साफ सफाई रखने के स्पष्ट निर्देश दिए।
