रायपुर. रिटायर्ड शासकीय कर्मचारी से 40 हजार रुपए रिश्वत लेते पशु चिकित्सा विभाग के दो कर्मचारियों को ACB ने रंगे हाथों पकड़ा है। बुधवार को एसीबी ने महासमुंद जिले के पशु चिकित्सा विभाग में पदस्थ दोनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की। दोनों कर्मचारी पेंशन और जीपीएफ आहरण के एवज में घूस लेते हुए गिरफ्तार हुए हैं।
पहले भी ले चुके थे दोनों रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार कार्यालय उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं महासमुंद में पदस्थ सहायक ग्रेड-1 सरिता त्रिपाठी और सहायक ग्रेड-2 उमाशंकर गुप्ता रिश्वत लेते गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों ने मिलकर पेंशन और जीपीएफ निकालने के एवज में द्वितीय किस्त के रूप में 40,000 रूपए मांगा था। पूर्व में ये दोनों कर्मचारी 57,000 रुपए रिश्वत के रूप में पीडि़त से ले चुके थे।
रायपुर एसीबी में की थी शिकायत
पीडि़त रिटायर्ड कर्मचारी ने एसीबी रायपुर में शिकायत की थी कि सेवानिवृत्त होने के पश्चात पेंशन और जीपीएफ निकालने के एवज में कार्यालय उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं में पदस्थ सरिता त्रिपाठी और उमाशंकर गुप्ता 40 हजार रुपए दूसरी बार रिश्वत मांग रहे हैं। पहले भी ये दोनों 57,000 रूपए रिश्वत ले चुके हैं। जिसके बाद एसीबी ने मामले की जांच करते हुए दोनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है।