भिलाई। डुंडेरा में पूर्व पार्षद की गुंडई का मामला सामने आया है। दशहरा उत्सव की तैयारी को लेकर गांव में हुई बैठक के दौरान यहां के एक रिटायर्ड फौजी ने क्षेत्र में जुआ-सट्टा का मुद्दा उठाया तो यहां के पूर्व पार्षद को ऐसी मिर्ची लगी कि बैठक के बाद रिटायर्ड फौजी को घेरकर चाकू मार दिया। घायल फौजी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है वहीं इस मामले में उतई पुलिस ने 307 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी पूर्व पार्षद की तलाश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार रिसाली निगम के डुंडेरा वार्ड में शुक्रवार शाम को को दशहरा उत्सव के आयोजन को लेकर बैठक बुलाई गई थी। बैठक में गांव के लोग मौजूद रहे। बैठक में रिटायर्ड फौजी टीकम साहू (39) भी पहुंचा। बैठक के दौरान टीकम साहू ने क्षेत्र में जुआ-सट्टा का मुद्दा उठाया। रिटायर्ड फौजी ने कहा कि क्षेत्र जुआ-सट्टा का कारोबार काफी बढ़ गया है इस पर रोक लगनी चाहिए।
बैठक में पूर्व पार्षद संजू साहू भी मौजूद था। रिटायर्ड फौजी की इस बात पर पूर्व पार्षद को इतना बुरा लगा कि उसने रिटायर्ड फौजी से विवाद शुरू कर दिया। मौके पर ग्रामीणों की समझाइश के बाद विवाद शांत हो गया। इसके बाद जब फौजी वापस अपने घर जाने लगा तो रास्ते में संजू साहू अपने साथियों के साथ पहुंच गया फिर से विवाद करने लगा। विवाद इतना बढा कि पूर्व पार्षद व उसके साथियों ने रिटायर्ड फौजी पर चाकू से कर दिया। इस दौरान चार से पांच बार चाकू से बार किया गया।
हादसे के बाद रिटायर्ड फौजी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उतई थाना प्रभारी नवी मोनिका पाण्डेय ने बताया कि घटना की सूचना के बाद पूर्व पार्षद के खिलाफ धारा 307, 34 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी पूर्व पार्षद फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।