जशपुर। गुरुवार दोपहर को जिले के कुनकुरी क्षेत्र में हुई नर्स की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। कुनकुरी पुलिस ने इस मामले में युवती के प्रेमी को गिरफ्तार किया। हत्या की वजह युवती की बेवफाई है। दरअसल आरोपी युवती का प्रेमी है और उसे पता चला था कि उसकी प्रेमिका ने दूसरा बॉय फ्रेंड बना लिया है। इसके बाद वह नाराज था और गुरुवार को मौका देखकर उसकी कुल्हाडी मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिफ्तार कर लिया है।
बता दें गुरुवार दोपहर को तपकरा कुनकुरी मार्ग पर एक युवती की लाश मिली थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती की पहचान जशपुर जिले की कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर(CHO) टांगरगांव निवासी देवकी चक्रेश (24) के रूप में की। घटना स्थल पर पुलिस ने कुल्हाडी बरामद की और मौके पर मृतका का मोबाइल व स्कूटी भी मिली। हत्या के बाद पुलिस का पहला फोकस प्रेम संबंधों पर ही था। इसी एंगल से जांच की गई।

जांच के दौरान पुलिस को देविका के प्रेमी देवरी निवासी मनोज कुमार (23) के बारे में पता चला। पुलिस ने मनोज को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ शुरू की। पुलिस की कड़ाई के सामने मनोज ने सब कुछ उगल दिया। मृतका के प्रेमी ने पूछताछ में बताया कि वह देवकी से प्यार करता है और उसे शक था कि वह किसी दूसरे युवक को डेट कर रही थी। इसका पता लगाने के लिए मनोज ने देवकी का वाट्सएप हैक किया। वाट्सएप हैक करने पर उसे पता चला कि देवकी का दूसरे लड़के से अफेयर चल रहा था।

शॉपिंग के बहाने कर दी हत्या
कुनकुरी थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि आरोपी मनोज ने हत्या की प्लानिंग के बाद देवकी को शॉपिंग के लिए बुलाया। दोनों साथ में अलग अलग वाहनों से निकले थे। इस बीच दोनों श्रीनदी पुल के पास पहुंचे। यहां पर स्कूटी रोक कर आरोपी मनोज ने देवकी से दूसरे लड़के के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। इस पर देवकी ने कोई जवाब नहीं दिया। आरोपी मनोज अपने साथ पहले से कुल्हाडी लाया हुआ था और देवकी से कोई जवाब नहीं मिलने पर उस पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त में है।