रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेतृत्व के बीच चल रही अंदरूनी रार पर जहां भाजपा पैनी नजर बनाए है, वहीं सीएम भूपेश बघेल और उनके नेता इस विवाद को गैरजरूरी बताते हुए जवाब देने से बच रहे हैं। इस बीच सीएम भूपेश बघेल रविवार को दिल्ली दौरे पर रहे। जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वह यहां कांग्रेस हाई-कमान से मिलने नहीं आए हैं। बघेल ने बताया कि वे हिमाचल प्रदेश के नेताओं से मिले और राज्य में होने वाले चुनावों को लेकर चर्चा की।

गौरतलब है कि बघेल को हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वे छत्तीसगढ़ लौटने के बाद विवेकानंद एयरपोर्ट पर अपने दौरे को लेकर जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया- मैंने हिमाचल प्रदेश के पार्टी नेताओं से मुलाकात की। इनमें कांग्रेस विधायक दल के नेता और कांग्रेस प्रमुख भी शामिल रहे। इसके अलावा बैठक में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाल रहे नेताओं से भी बात की गई।
गौरतलब है कि बघेल का दिल्ली दौरा ऐसे समय में आया है जब वे अपने कैबिनेट के साथ टीएस सिंहदेव के साथ विवादों में उलझे हैं। हाल ही में सिंहदेव ने बघेल कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था। जहां सीएम बघेल शनिवार शाम को ही दिल्ली रवाना हो गए थे, वहीं सिंहदेव भी इसी दिन दिल्ली पहुंचे थे। सूत्रों का कहना था कि यह दोनों नेता दिल्ली में कांग्रेस हाई-कमान से मिलने वाले थे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बघेल को दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस में चल रही सत्ता की खींचतान पर बात करनी थी। इसके अलावा उन्हें पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री सिंहदेव के नतीजे पर भी हाईकमान को जानकारी देनी थी। लेकिन हाईकमान से मुलाकात नहीं पाई।




