सिनेमाघरों में इन दिनों हॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड तक कई फिल्में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। हालांकि जिस फिल्म को दर्शक ज्यादा पसंद कर रहे हैं, वह है आर माधवन के निर्देशन में बनी ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट। जी हां, ‘द कश्मीर फाइल्स की ही तरह यह फिल्म भी माउथ पब्लिसिटी (यानी वर्ड ऑफ माउथ) के दम पर बॉक्स ऑफिस पर कमाल दिखा रही है। हालांकि, विवेक अग्निहोत्री की फिल्म की तरह इसरो वैज्ञानिक के जीवन पर आधारित इस फिल्म को पॉलिटिकल सपोर्ट नहीं मिला पाया, जिसकी वजह से यह ‘द कश्मीर फाइल्स जितना कलेक्शन नहीं कर पाई। बहरहाल, फिल्म ने सिनेमाघरों में दो हफ्ते पूरे कर लिए हैं।
एक जुलाई को रिलीज हुई ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट ने पहले दिन 1.78 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। माउथ पब्लिसिटी और वीकएंड होने की वजह से फिल्म की कमाई में उछाल आया और फिल्म ने अपने पहले वीकएंड (शनिवार और रविवार) पर 6.92 करोड़ रुपये की कमाई की। वीकडेज में आर माधवन अभिनीत फिल्म के कलेक्शन में गिरावट देखने को मिली। हालांकि फिल्म, हॉलीवुड की थॉर: लव एंड थंडर के सामने डटकर खड़ी रही और पहले हफ्ते में 13.76 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
इसरो साइंटिस्ट और एरोस्पेस इंजीनियर नंबी नारायणन की जिंदगी पर आधारित इस फिल्म ने दर्शकों को इस कदर आकर्षित किया कि फिल्म ने बिना किसी प्रचार के लिए दूसरे हफ्ते 17.39 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया। यानी फिल्म ने पहले हफ्ते के मुकाबले दूसरे हफ्ते 3.63 करोड़ रुपये ज्यादा कमाए। इस तरह ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट का कुल कलेक्शन 30 करोड़ रुपये के पार चला गया और फिल्म ने कुल 31.15 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया।
गौरतलब है कि रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट इसरो वैज्ञानिक नंबी नारायणन के जीवन पर आधारित एक बायोपिक है। इस फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे वैज्ञानिक पर जासूसी का झूठा आरोप लगाया गया था और हिरासत में उन्हें प्रताडि़त किया गया था। माधवन के अलावा, इस फिल्म में सिमरन, रवि राघवेंद्र और मिशा घोषाल भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।




