दिल्ली की रहने वाली एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा ने राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा के बारे में बात की है। सान्या इस समय मुंबई में हैं और दिल्ली के बजाय वे वहां रहना ही पसंद करती हैं। हाल ही में अपने गृहनगर को असुरक्षित बताते हुए सान्या मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में ज्यादातर महिलाओं को सुरक्षा के मुद्दों का सामना करना पड़ता है।
दिल्ली में सुरक्षित महसूस नहीं करती हूं
मुंबई और दिल्ली दोनों शहरों में अपने रहने के अनुभव के बारे में सान्या मल्होत्रा ने बताया, मैं दिल्ली से हूं और एक बहुत अच्छा कारण है कि मैं मुंबई को दिल्ली से ज्यादा पसंद करती हूं। मैं मुंबई में ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हूं। मुझे नहीं पता कि दिल्ली में सुधार हुआ है या नहीं, लेकिन मैं वहां सुरक्षित महसूस नहीं करती हूं। मैं इसका कोई कारण भी नहीं बता सकती। मुझे नहीं लगता कि दिल्ली में एक भी ऐसी महिला होगी, जिसने छेडख़ानी का सामना नहीं किया हो।
दिल्ली में एक्सप्लोर करने के लिए बहुत कुछ है
सान्या दिल्ली के गार्गी कॉलेज से पढ़ी थीं। शहर में अपने समय के बारे में बात करते हुए उन्होंने 2019 में दिए एक इंटरव्यू में बताया था, दिल्ली में एक्सप्लोर करने के लिए बहुत कुछ है। स्थानों और भोजन की पेशकश के मामले में शहर में कई दिलचस्प अनुभव रहे हैं। इतने सारे ऑप्शन हैं कि कोई भी कंफ्यूज हो जाएगा। उन्होंने कहा, मुझे याद है कि जब हम दिल्ली में ‘बधाई हो (2018) की शूटिंग कर रहे थे, तब मेरी मां सबके लिए खाना बनाती थीं और सेट पर भेजती थीं।
सान्या का जन्म और पालन पोषण दिल्ली में हुआ
बता दें कि सान्या मल्होत्रा का जन्म और पालन-पोषण दिल्ली में हुआ है। पिछले साल नवंबर में उन्होंने मुंबई के जुहू में एक नया घर खरीदा था। उनका नया घर जुहू-वर्सोवा लिंक रोड पर बेव्यू बिल्डिंग में है। यह घर खरीदने के साथ ही वे ऋतिक रोशन पड़ोसी बन गई थीं। ऋतिक के इसी बिल्डिंग में दो घर हैं।
विक्की कौशल की सैम बहादुर में नजर आएंगी सान्या
सान्या मल्होत्रा दंगल, बधाई हो, पटाखा, शकुन्तला देवी, लूडो, पगलैट, लव हॉस्टल और मीनाक्षी सुंदरेश्वर जैसी कई हिट फिल्में कर चुकी हैं। वे अब जल्द ही राजकुमार राव के साथ हिट: द फस्र्ट केस में दिखाई देंगी। इसके अलावा सान्या डायरेक्टर मेघना गुलजार की सैम बहादुर में भी नजर आने वाली हैं। इस फिल्म में विक्की कौशल लीड रोल में हैं।




