कोंडागांव। डीआईजी कांकेर बालाजी राव ने मंगलवार को कोंडागांव जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिले में तेज बारिश होने के बावजूद जिले के सभी अधिकारी व जवान निरीक्षण के लिए निर्धारित वर्दी में शामिल हुए। डीआईजी ने सबसे पहले पुलिस के अधिकारी व जवानों का दरबार लगाकर उनसे चर्चा की। दरबार के दौरान डीआईजी द्वारा सभी जवानों और अधिकारियों को संबोधित करते हुए बेसिक पुलिसिंग व सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया।
डीआईजी पुलिस के वार्षिक कार्ययोजना पर भाषण देते कहा कि आमजन की शिकायत पुलिस के व्यवहार से रहती है। इसलिए सभी अधिकारी और जवानों को अपने आचरण व व्यवहार में सुधार लाना चाहिए। साथ ही बेसिक पुलिसिंग करते हुए पुलिस के पास आए पीडि़त पक्ष के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते हुए उनकी समस्याएं सुनना चाहिए।
डीआईजी ने उन्हें भविष्य की कार्य योजना बनाने भी कहा। उन्होंने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान अधिकारी व कर्मचारियों की समस्याएं सुनने और उनके तुरंत निराकरण के आदेश दिए। इस दौरान एसपी दिव्यांग पटेल और जिले के 185 अधिकारी और कर्मचारी थे।




