शिवनाथ नदी में उतरी जांजगीर में राहुल को बचाने वाली टीम
भिलाई। शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट के पास पानी के तेज प्रवाह में गुम बालक तुषार साहू का 28 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उसकी तलाश में आज जांजगीर में बोरवेल में गिरे राहुल को बचाने वाली एनडीआरएफ की टीम पूरे जरुरी संसाधनों के साथ नदी में उतर गई है। टीम के द्वारा पानी के अंदर कैमरा डालकर बालक तुषार की तलाश की जा रही है।
दोस्तों के साथ शिवनाथ नदी के एनीकट पार करते समय पंचशील नगर दुर्ग निवासी 14 वर्षिय तुषार साहू रविवार की सुबह 10 बजे के आसपास हादसे का शिकार हो गया है। तुषार अपने चार अन्य दोस्तों के साथ एनीकट पार कर रहा था। जबकि एनीकट पर देढ़ से दो फीट ऊपर पानी बह रहा था। इस दौरान पांचों बालक अनियंत्रित होकर नदी में गिर पड़े। गोताखोरों ने किसी तरह चार बालकों को बाहर निकाल लिया। लेकिन तुषार गहरे पानी में खो गया। हादसे के बाद विधायक अरुण वोरा व महापौर धीरज बाकलीवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन को तुषार की तलाश में कोई कसर नहीं छोडऩे का निर्देश दिया।
इसी कड़ी में आज एनडीआरएफ की टीम ने तुषार की तलाश शुरू कर दिया है। यह वही टीम है जिसने जांजगीर जिले में बोरवेल में गिरे राहुल का सफल रेस्क्यू ऑपरेशन किया था। यह टीम शिवनाथ नदी में गिरकर गुम हो गए तुषार की तलाश पानी में कैमरा डालकर कर रही है। शहर विधायक अरुण वोरा सहित मौके पर जिला व पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहकर तलाश में जुटी टीम का मार्गदर्शन कर रहे हैं।
लगातार हादसों के बाद भी सबक नहीं
महमरा एनीकट पर लगातार जानलेवा हादसे हो रहे हैं। इसके बाद भी लोग सबक लेने का नाम नहीं ले रहे हैं। जल संसाधन विभाग ने एनीकट के मुहाने पर पोस्टर लगाकर ऊपर से पानी बहने की स्थिति में एनीकट को पार नहीं करने को लेकर आगाह किया है। लेकिन रोक टोक करने वाला कोई नहीं रहने से? बच्चों के साथ साथ बड़े लोग भी खतरों से खेलकर एनीकट पार करते हैं। बारिश होने पर भिलाई – दुर्ग के अनेक नौजवान महमरा एनीकट का नजारा लेने पहुंचते हैं। इस दौरान मोबाइल फोन पर सेल्फी पोज लेने के दौरान भी हादसे की संभावना बनी रहती है।




