दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शनिवार को एक युवक का शव पड़ा मिला। इस बात की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। इस खबर की जानकारी पुलिस को दी गई। वहीं मृत शख्स की पहचान सुनील बघेल (27) के रूप में हुई है जो बचेली निवासी था। वहीं पुलिस आशंका जता रही है कि युवक की हत्या कर उसका शव खेत में फेंक दिया है। पुलिस ने बताया कि बचेली थाना क्षेत्र के पिंटूपारा के खेत में युवक का शव पड़ा हुआ था। जब सुबह लोग वहां होकर गुजरे तो शव को देखा। जिसकी जानकारी बचेली पुलिस को दी गई।
इसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। जांच में युवक की शिनाख्त बचेली निवासी के रूप में हुई है। वहीं मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मृत शख्स के चेहरे में खून का निशान था। शव को देखने से लग रहा कि उसके चेहरे को खराब करने की कोशिश की गई हो ताकि उसकी पहचान न हो पाए। सिर में चोट और गले में गमछा लिपटा हुआ था।

साथ ही एक पैर में जूता नहीं था। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि, युवक की हत्या हुई है। वहीं वारदात कहीं और की गई है। शव को पिंटूपारा के खेत में लाकर फेंका गया है। फिलहाल आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
